Blog

नुआपाड़ा उपचुनाव: कल होगा मतदान, 8 संवेदनशील बूथों पर हेलिकॉप्टर से पहुंचेगी टीम, माओवादी क्षेत्रों में हाई अलर्ट

भुवनेश्वर/रायपुर (शिखर दर्शन) // ओडिशा की चर्चित नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सोमवार शाम तक सभी मतदान दल अपने-अपने बूथों की ओर रवाना हो गए। निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। माओवादी प्रभाव वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वहीं 8 अति-संवेदनशील बूथों तक मतदान दलों को हेलिकॉप्टर से भेजा जा रहा है।

कल सुबह 7 बजे से शुरू होगा मतदान

11 नवम्बर (मंगलवार) को सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। हालांकि संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा कारणों से मतदान दोपहर 4 बजे तक सीमित रखा गया है। इस उपचुनाव में 14 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 14 नवम्बर को मतगणना के बाद होगा।

प्रशासन ने कसी सुरक्षा, प्रचार थमा

चुनाव प्रचार पर रविवार शाम से ही रोक लग गई है। बाहर से आए सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता क्षेत्र छोड़ चुके हैं। नुआपाड़ा अब पूरी तरह शांत माहौल में है। सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षाबल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं।

पहली बार वायुसेना के हेलिकॉप्टर से तैनाती

सुरक्षा कारणों से नुआपाड़ा और सुनाबेड़ा के माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में पहली बार भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर से मतदान दलों की तैनाती की जा रही है। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार कुल 358 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 47 को अति संवेदनशील घोषित किया गया है।

मतदाताओं की संख्या और विशेष वर्ग

इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,53,624 मतदाता हैं, जिनमें

  • पुरुष मतदाता: 1,24,108
  • महिला मतदाता: 1,29,495
  • तृतीय लिंग: 21

इनमें 9,429 नए मतदाता, 3,988 दिव्यांग, और 1,786 वरिष्ठ नागरिक (85 वर्ष से अधिक आयु के) शामिल हैं।

निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान की अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान कराने के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। उन्होंने मतदाताओं से निर्भय होकर लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!