दिल्ली

लाल किला धमाका: चश्मदीद बोले– “जिंदगी में ऐसा धमाका नहीं देखा”, 8 की मौत, 24 घायल; अमित शाह ने IB चीफ से की बात

दिल्ली, मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट घोषित

दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को लाल किले के पास हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास खड़ी 5 से 6 गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 24 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुआ।

धमाके की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एनआईए की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। चश्मदीदों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां तक हिल गईं। एक दुकानदार ने बताया, “मैं अपनी दुकान में बैठा था, तभी जोरदार धमाका हुआ, जिससे मैं कुर्सी से गिर पड़ा। जिंदगी में इतना भयानक धमाका कभी नहीं सुना।”

सूत्रों के अनुसार, धमाका हाई इंटेंसिटी का था। घटना के बाद एहतियातन लाल किला मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर 4 बंद कर दिया गया है। धमाके के बाद पूरी दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने राम मंदिर सहित देश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा भी बढ़ा दी है।

इस बीच, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने धमाके को गंभीरता से लेते हुए आईबी चीफ से विस्तृत जानकारी मांगी है और दिल्ली पुलिस को मामले की जल्द जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से सबूत एकत्र कर जांच में जुट गई है। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास की कई दुकानों के शीशे टूट गए और सड़क पर मलबा बिखर गया।

अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि धमाके में किस प्रकार के विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया और इसके पीछे कौन सी साजिश थी। फिलहाल, एनआईए और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल मिलकर पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!