लाल किले के पास जोरदार धमाका, 8 लोगों की मौत और कई घायल; राजधानी दिल्ली में हाई अलर्ट जारी

इको वैन में हुआ जोरदार धमाका, 8 की मौत और 24 घायल; दिल्ली-मुंबई-यूपी में हाई अलर्ट
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई. यह धमाका इको वैन में हुआ, जिसकी चपेट में आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी आ गईं. हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं. इनमें से 21 घायलों को एलएनजेपी अस्पताल लाया गया है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.
धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास खड़ी 5 से 6 गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए. सूचना मिलते ही पुलिस, एनआईए और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं. एनआईए की टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. धमाके के बाद एहतियातन दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है.
गेट नंबर-1 पर हुआ धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुआ. यह इलाका अत्यंत भीड़भाड़ वाला है और शाम के समय यहां काफी भीड़ रहती है. दमकल की 5 गाड़ियां आग बुझाने और राहत कार्य में जुटी हैं. प्रशासन ने मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर-4 बंद कर दिया है.
जांच के सभी एंगल पर काम कर रही एजेंसियां
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह धमाका सीएनजी लीक से हुआ या किसी अन्य विस्फोटक सामग्री के कारण. पुलिस और जांच एजेंसियां हर एंगल से जांच में जुटी हैं.
फायर डिपार्टमेंट का बयान
दिल्ली फायर डिपार्टमेंट की ओर से बताया गया कि उन्हें लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में विस्फोट की सूचना मिली थी. विभाग ने बताया कि धमाके के बाद 3 से 4 वाहनों में आग लग गई, जिन्हें तुरंत बुझाया गया. घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है.
फिलहाल पूरे इलाके को सील कर दिया गया है, और सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई हैं.
