बिलासपुर रेल हादसा: केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और भूपेश बघेल ने जताया दुख, राहत-बचाव कार्य जारी

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गतौरा स्टेशन के पास आज शाम 4 बजे एक भीषण रेल दुर्घटना हुई। कोरबा पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी के बीच जोरदार टक्कर में कई डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनभर से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों को बिलासपुर के सिविल और अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मंत्रियों और नेताओं ने जताया शोक
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं के प्रति संवेदना प्रकट की। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ट्वीट कर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश वरिष्ठ अधिकारियों को दिए जाने की जानकारी साझा की। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी हादसे को दुखद बताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दिवंगतों के परिजनों को सांत्वना देने की कामना की।

हादसा कैसे हुआ
प्रारंभिक जांच में ऑटो सिग्नलिंग सिस्टम की गड़बड़ी को हादसे की वजह बताया जा रहा है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, मालगाड़ी लाइन पर खड़ी थी, लेकिन सिग्नल क्लियर होने पर तेज रफ्तार से आ रही MEMU पैसेंजर ट्रेन टकरा गई। रेलवे अधिकारियों का अनुमान है कि लोकल ट्रेन की रफ्तार लगभग 90 से 110 किमी प्रति घंटा थी। तकनीकी टीम पूरी घटना की जांच कर रही है।
कलेक्टर ने दी जानकारी
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि घटनास्थल से अब तक 4 शव बरामद हुए हैं। वहीं हादसे में लोको पायलट और असिस्टेंट की मौत की खबर भी मिली है। मालगाड़ी का गार्ड हादसे से पहले कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई।
रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। यात्री इन नंबरों पर संपर्क कर अपने परिजनों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

रेस्क्यू टीम, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर लगातार राहत-बचाव कार्य में लगी हुई है। जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों द्वारा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।



