दुर्ग संभाग

गन्ना किसानों को दीपावली पर बड़ी सौगात: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया 30 लाख की लागत से बने ‘बलराम सदन’ किसान रेस्ट हाउस का लोकार्पण, 11.09 करोड़ का बोनस वितरित

कवर्धा ( शिखर दर्शन ) // दीपावली पर्व को गन्ना किसानों के लिए यादगार बनाते हुए उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार को भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में 30 लाख की लागत से निर्मित आधुनिक किसान रेस्ट हाउस ‘बलराम सदन’ का लोकार्पण किया। यह रेस्ट हाउस किसानों के ठहराव, विश्राम और आवश्यक सुविधाओं से पूरी तरह सुसज्जित है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने पेराई सत्र 2024–25 के गन्ना विक्रय करने वाले किसानों को 11.09 करोड़ रुपए की बोनस राशि का चेक प्रदान किया। साथ ही, शेयरधारक गन्ना उत्पादक किसानों को रियायती दर पर 50 किलो शक्कर वितरित कर किसानों के त्यौहार की खुशियों को दोगुना कर दिया।

इसके अलावा उन्होंने पंडरिया में किसान सदन, 5 लाख की लागत से सीसी रोड और 2 लाख 50 हजार रुपए की लागत से नाली निर्माण की घोषणा भी की।

किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: उपमुख्यमंत्री शर्मा

विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक उन्नति को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से खेतों और किसानों की हालत में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बढ़ते गन्ना उत्पादन को देखते हुए भोरमदेव शक्कर कारखाने की पेराई क्षमता बढ़ाने का कार्य जारी है, जिससे किसानों को बेहतर सुविधा और मूल्य मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि रियायती दर पर शेयरधारक किसानों को शक्कर वितरण कार्यक्रम लगातार दूसरे वर्ष संचालित किया जा रहा है, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे अपना गन्ना इसी कारखाने में विक्रय करें ताकि उचित मूल्य सीधे उन्हें मिल सके।

ग्रामीण सड़कों की होगी मरम्मत, किसानों के लिए बनेगा सुविधायुक्त केंद्र

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ‘किसान सदन’ में प्रतीक्षा कक्ष, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि गन्ना परिवहन में सुगमता लाने के लिए ग्रामीण सड़कों की मरम्मत और कारखाना तक पहुंचने वाली प्रमुख सड़कों को दुरुस्त करने की स्वीकृति जारी की जा चुकी है।

मेडिकल कॉलेज और अस्पताल अपग्रेडेशन की घोषणा

शर्मा ने कहा कि कवर्धा में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसका भूमिपूजन शीघ्र होगा। साथ ही जिला अस्पताल को 220 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल बनाया जा रहा है और मरीजों की जांच सुविधा के लिए आधुनिक सिटी स्कैन मशीन स्थापित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि चिल्फी से रेंगाखर मार्ग हेतु 11 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे पर्यटन और व्यवसाय को गति मिलेगी।

नक्सल उन्मूलन में ऐतिहासिक सफलता, बस्तर बनेगा विकास मॉडल

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर में नक्सल उन्मूलन का ऐतिहासिक कार्य हो रहा है। हाल ही में 210 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बस्तर को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाकर छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल बनाया जाएगा।

किसानों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

भोरमदेव शक्कर कारखाने में रेस्ट हाउस बनने से किसानों को लंबे इंतजार के दौरान बैठने और विश्राम की सुविधा मिलेगी। पहले किसानों को बारिश और धूप में खुले में प्रतीक्षा करनी पड़ती थी, जिसे देखते हुए यह बलराम सदन उनकी वर्षों पुरानी मांग का समाधान है।

किसानों को अब तक 126.53 करोड़ का भुगतान

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना द्वारा इस वर्ष किसानों को अब तक 126 करोड़ 53 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इसमें मई 2025 में 87.65 करोड़ रुपए समर्थन मूल्य, जुलाई में 27.79 करोड़ रुपए रिकवरी भुगतान, और दीपावली से पूर्व 11.09 करोड़ रुपए बोनस शामिल हैं।
कारखाना क्षेत्र के 11,763 किसान गन्ना आपूर्ति करते हैं और 2,78,177 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई संपन्न हुई है।

‘बलराम सदन’ में किसानों के लिए आधुनिक सुविधाएँ

30 लाख रुपए की लागत से बने इस किसान रेस्ट हाउस बलराम सदन में एसी कक्ष, ठंडा पेयजल, टीवी, स्वच्छ शौचालय, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई और जल सुविधा जैसी सभी व्यवस्थाएँ उपलब्ध हैं। यह रेस्ट हाउस हजारों किसानों के लिए विश्राम और सुविधा का नया केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!