चेन स्नैचिंग का खौफनाक मामला: विरोध करने पर महिला की दो उंगलियां काटीं, दोनों आरोपी गिरफ्तार

बेंगलुरु // बेंगलुरु से चेन स्नैचिंग का एक बेहद सनसनीखेज और डराने वाला मामला सामने आया है। सितंबर माह में हुई इस घटना में चेन स्नैचर्स ने महिलाओं की सोने की चेन छीनने की कोशिश की। जब एक महिला ने उनका विरोध किया, तो एक बदमाश ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी दो उंगलियां काट दीं। यह भयावह घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 13 सितंबर की रात बेंगलुरु के ईश्वरी नगर इलाके में हुई थी। उषा और वरलक्ष्मी नाम की दो महिलाएं गणेश उत्सव के एक ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो स्नैचर्स पीछे से आए और उनकी सोने की चेन झपटने की कोशिश की। उषा ने डर के कारण अपनी चेन सौंप दी, लेकिन वरलक्ष्मी ने विरोध किया, जिसके बाद स्नैचर योगानंद ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनकी दो उंगलियां कट गईं। हमले के बाद आरोपी 55 ग्राम सोने के गहने लेकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिनगर पुलिस ने तुरंत एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर हफ्तों की खोज के बाद दोनों आरोपियों — प्रवीण और योगानंद — को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी किया गया सोना भी बरामद कर लिया है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी योगानंद का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले एक हत्या के मामले में भी शामिल रह चुका है। वारदात के बाद वह बेंगलुरु से भागकर पुडुचेरी, मुंबई और गोवा होते हुए मद्दुर के पास अपने पैतृक गांव मारसिंगनहल्ली पहुंच गया था, जहां से उसे दबोचा गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे और कितनी वारदातों में शामिल रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर बेंगलुरु में बढ़ते स्नैचिंग अपराधों पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



