बिलासपुर संभाग

छठ पर्व की तैयारियों में जुटा निगम प्रशासन — महापौर संजू देवी राजपूत ने दिए सख्त निर्देश, सभी घाटों में होगी सफाई, प्रकाश व चेंजिंग रूम की व्यवस्था

कोरबा (शिखर दर्शन) // छठ पर्व और दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को देखते हुए कोरबा नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय साकेत भवन में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने आयुक्त आशुतोष पांडेय की उपस्थिति में अधिकारियों और जोन कमिश्नरों की बैठक लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठघाटों में श्रद्धालुओं और व्रतधारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी घाटों में साफ-सफाई, पेयजल, चेंजिंग रूम और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

महापौर श्रीमती राजपूत ने बताया कि निगम क्षेत्र में लगभग 36 छठघाट हैं, जहां व्रतधारी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घाटों पर आवश्यकतानुसार मरम्मत व सुधार कार्य तत्काल किए जाएं। साथ ही, जेसीबी और अन्य संसाधनों का उपयोग कर घाटों की विशेष सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि घाटों तक जाने वाले मार्गों पर भी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि रात्रिकालीन समय में श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।

सभी घाटों में महिला व्रतधारियों के लिए चेंजिंग रूम बने

महापौर और आयुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सभी छठघाटों में महिला व्रतधारियों की सुविधा के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए जाएं। साथ ही पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, पूरे पर्व के दौरान स्वच्छता कर्मियों की तैनाती और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

दीपावली पर पार्किंग व दुकान व्यवस्था पर भी निर्देश

महापौर श्रीमती राजपूत ने दीपावली पर्व को लेकर भी तैयारियां पुख्ता रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों में भीड़भाड़ के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए अलग स्थल चिन्हित किए जाएं ताकि यातायात सुचारू रहे। इसी प्रकार बड़े छठघाटों पर भी पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि दीपावली के दौरान फल, फूल, केले के पत्ते, सजावटी सामग्री आदि की दुकानें अनियंत्रित रूप से सड़कों पर न लगें। इन दुकानों के लिए निर्धारित स्थल तय कर वहां ही उन्हें लगाने की अनुमति दी जाए, ताकि आम नागरिकों को असुविधा न हो और यातायात में बाधा न आए।

बैठक में कई अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरुआ, उपायुक्त नीरज कौशिक व पवन वर्मा, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, अखिलेश शुक्ला, प्रकाश चंद्रा, एन.के. नाथ, विनोद शांडिल्य, तपन तिवारी, सुनील टांडे, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत और आकाश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर संजू देवी राजपूत ने निगम अधिकारियों को त्योहारों के दौरान शहर की स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं, ताकि छठ और दीपावली पर्व पर श्रद्धालुओं व नागरिकों को कोई परेशानी न हो

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!