मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी, 10 अक्टूबर के बाद मानसून की विदाई संभव

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में मानसून अभी अपने अंतिम चरण में है और प्रदेश के कई हिस्सों में आज भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने से प्रदेश में वर्षा हो रही है।
वर्तमान में प्रदेश के पूर्वी हिस्से में एक लो प्रेशर एरिया सक्रिय है, जो बारिश के लिए जिम्मेदार है। इसके चलते भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम और बैतूल जिलों में आज भी पानी गिरने की संभावना जताई गई है।
मानसून की विदाई
मौसम विभाग के अनुसार, इस साल मानसून ने प्रदेश में 16 जून को प्रवेश किया था। अब तक प्रदेश के 12 जिलों – उज्जैन, ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, मंदसौर, भिंड, गुना, आगर-मालवा, दतिया, रतलाम और नीमच – में मानसून की विदाई हो चुकी है। इसके अलावा अशोकनगर और राजगढ़ के कुछ हिस्सों में भी मानसून विदा हो गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के सभी जिलों से 10 अक्टूबर तक मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा और इसके बाद मौसम शुष्क और ठंडा होने लगेगा।



