अमित शाह ने बस्तर में भरोसे का संदेश दिया, माई दंतेश्वरी मंदिर में जनता से किया सीधे संवाद

जगदलपुर (शिखर दर्शन) // केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बस्तर पहुंचे और सबसे पहले माई दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर प्रांगण में खड़े श्रद्धालुओं को अपने पास बुलाकर उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर आत्मीय संवाद किया। यह नजारा बस्तर में पहली बार देखने को मिला, क्योंकि क्षेत्र में नक्सलवाद के चलते सुरक्षा व्यवस्था हमेशा बेहद कड़ी रहती है।
अमित शाह ने इस अवसर पर जनता से सीधे संवाद कर बस्तर में अब भय नहीं बल्कि विश्वास का संदेश दिया। उन्होंने यह संदेश 31 मार्च 2026 को देश से नक्सलवाद समाप्त करने की तय तिथि से जोड़ा।
श्रद्धालुओं ने इस दौरान माई दंतेश्वरी के पारंपरिक भजन “मुंडा बजा” गाकर गृह मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद अमित शाह ने मंदिर में प्रवेश कर विधिवत पूजा-अर्चना की और माता दंतेश्वरी का आशीर्वाद लिया।

मंदिर में पूजा के बाद गृह मंत्री ने मुरिया दरबार की परंपरा में हिस्सा लिया। मुरिया दरबार की शुरुआत माता दंतेश्वरी की तस्वीर पर दीप प्रज्वलित कर की गई, जिसमें उन्होंने बस्तर की लोक परंपराओं के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।



