मोदी सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को दी दिवाली से पहले बड़ी सौगात, महंगाई भत्ता 3% बढ़ाकर 58% किया, 3 महीने का एरियर मिलेगा

रायपुर (शिखर दर्शन) // मोदी सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में बड़ा इजाफा किया है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाकर अब 58% कर दिया गया है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू होगी और कर्मचारियों को तीन महीनों का एरियर भी मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस फैसले से करीब 49.2 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.7 लाख पेंशनर्स को लाभ मिलेगा। इस कदम से केंद्र सरकार के खजाने पर लगभग 10,084 करोड़ रुपये का भार पड़ेगा। उन्होंने इसे “महत्वपूर्ण और स्वागत योग्य वृद्धि” करार दिया और कहा कि इसका सकारात्मक असर पूरे देश में महसूस होगा।
सैलरी में कितना इजाफा होगा
यदि किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹30,000 है तो उसे महंगाई भत्ते के रूप में प्रति माह ₹900 अतिरिक्त मिलेंगे, जबकि ₹40,000 सैलरी वाले कर्मचारी को ₹1,200 अतिरिक्त मिलेंगे। तीन महीनों का बकाया राशि ₹2,700 से ₹3,600 तक होगी, जो दिवाली के समय कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
पिछली वृद्धि और DA का महत्व
मार्च 2025 में महंगाई भत्ते में केवल 2% की वृद्धि की गई थी, जो पिछले 7 सालों में सबसे कम बढ़ोतरी थी। आमतौर पर यह बढ़ोतरी 3% से 4% के बीच होती है। महंगाई भत्ता (DA) सरकार द्वारा कर्मचारियों और पेंशनर्स के जीवन स्तर को महंगाई के बावजूद बनाए रखने के लिए दिया जाता है। इसकी दर ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आधार पर हर छह महीने में तय की जाती है।
अन्य महत्वपूर्ण कैबिनेट फैसले
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कैबिनेट ने 4 नए सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है, जिनमें ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पंजाब में प्लांट्स स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए 4,594 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
साथ ही, यूनियन कैबिनेट ने 17 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 57 नए केंद्रीय विद्यालयों (KV) को मंजूरी दी है। इनमें से 20 केवी उन जिलों में खोले जाएंगे, जहां वर्तमान में कोई KV नहीं है। 14 केवी आकांक्षी जिलों में, 4 केवी वामपंथी उग्रवाद प्रभावित जिलों में और 5 केवी नॉर्थ ईस्टर्न/पहाड़ी क्षेत्रों में प्रस्तावित हैं।



