विकास शील बने छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव, प्रशासनिक अनुभव से संभालेंगे प्रदेश की कमान
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // विकास शील ने मंत्रालय, महानदी भवन में आज छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव का कार्यभार ग्रहण कर लिया। 94 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी विकासशील को प्रदेश प्रशासन की उच्चतम प्रशासनिक जिम्मेदारी दी गई है।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी। मुख्य सचिव के रूप में विकास शील अब राज्य सरकार की नीति निर्माण और कार्यान्वयन में प्रमुख भूमिका निभाएंगे।

विकास शील का प्रशासनिक अनुभव बेहद समृद्ध है। इससे पहले वे एशियन डेवलपमेंट बैंक, मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत थे। आईएएस बनने के बाद उन्हें मध्य प्रदेश कैडर मिला, और नवंबर 2000 में राज्य विभाजन के बाद छत्तीसगढ़ कैडर में शामिल हुए। उन्होंने कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जिलों में कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं।
राज्य के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में भी उनका योगदान रहा है। वे स्कूल शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभागों के सचिव पद पर तैनात रहे। इसके अलावा, अप्रैल 2007 से अप्रैल 2008 तक उन्होंने राजधानी रायपुर के कलेक्टर के रूप में कार्य किया।
वर्ष 2018 से वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भारत सरकार में कार्यरत रहे। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में जल जीवन मिशन के मिशन डायरेक्टर के पद पर महत्वपूर्ण सेवाएं दीं।

विकास शील का जन्म 10 जून 1969 को हुआ। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. और एम.ई. की डिग्री प्राप्त की। इसके अतिरिक्त, अमेरिका के सिरैक्यूज़ विश्वविद्यालय से लोक प्रशासन में मास्टर और एग्जीक्यूटिव मास्टर डिग्री के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन एवं नीति में एडवांस्ड स्टडी का सर्टिफिकेट कोर्स किया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि उनके समृद्ध प्रशासनिक अनुभव और राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय परियोजनाओं में कार्यरत अनुभव से छत्तीसगढ़ प्रशासन को नई दिशा और गति मिलेगी।



