CM डॉ. मोहन ने किसानों को 258 करोड़ की राहत, सोयाबीन का भावांतर 15 दिन में मिलेगा

शिवपुरी ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज विदिशा जिले के कुरवाई में हिनौता सिंचाई परियोजना, जाजपोन पुनर्वास कॉलोनी और अन्य विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कुरवाई और विदिशा जिले के विकास के लिए कुल 258 करोड़ रुपए की राहत की घोषणा की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 92 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत के 46 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 165 करोड़ रुपए की लागत के 34 कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें 7 करोड़ 36 लाख रुपए की महत्वपूर्ण हिनौता बांध परियोजना भी शामिल है। उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना के मॉडल का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब कल्याण और चतुर्मुखी विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। किसानों के लिए इस साल सोयाबीन की फसल पर प्रति क्विंटल 5328 रुपए की राशि मिलेगी, जो 15 दिन के अंदर उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। साथ ही, खराब फसलों का सर्वे कर राहत और बीमा राशि भी प्रदान की जाएगी।
भाई-दूज पर लाड़ली बहनों के लिए 1500 रुपए की राशि देने, बच्चों के लिए शिक्षा, छात्रावास, छात्रवृत्ति, नि:शुल्क पुस्तकें, साइकिल और स्कूटी जैसी सुविधाएं देने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और सड़क सुरक्षा सप्ताह के महत्व पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में ग्राम विकास, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, कृषक कल्याण योजना और महिला एवं बाल विकास योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ और नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित और कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं:
- नगर परिषद कुरवाई के विकास के लिए 2 करोड़ रुपए।
- पठारी में महाविद्यालय का उद्घाटन।
- कुरवाई में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन, 50 बिस्तर की सुविधा।
- बीना रिफाइनरी के सहायक उत्पादों के लिए औद्योगिक क्षेत्र का विकास।
- कुरवाई, लटेरी और नटेरन में 50-50 बिस्तर के छात्रावास।
- कुरवाई और विदिशा में 10 करोड़ की लागत से जनपद पंचायत भवन।
- सिरोंज और अन्य स्थानों पर 6 करोड़ की लागत से हाई स्कूल भवन।
- लटेरी और ग्यारसपुर में 87 करोड़ की लागत से सांदीपनि स्कूल और क्रिटिकल केयर अस्पताल।
- कुरवाई में बेतवा नदी पर घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण।
- उदयपुर श्रीगणेश मंदिर से कुल्हार तक सड़क निर्माण।
- उदयपुर में नीलकंठेश्वर कॉरिडोर निर्माण।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रोड-शो में भी हिस्सा लिया और नागरिकों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।



