अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का भूकंप, 250 से ज्यादा की मौत, दिल्ली-NCR तक हिली धरती

अफगानिस्तान (शिखर दर्शन) // रविवार रात अफगानिस्तान-पाकिस्तान बॉर्डर पर आए भीषण भूकंप ने तबाही मचा दी। 6.3 तीव्रता के झटकों से धरती हिल उठी, जिनकी गूंज दिल्ली-NCR तक महसूस की गई। अब तक 250 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। तालिबान शासन वाले इस पर्वतीय देश में राहत-बचाव कार्यों की धीमी रफ्तार के कारण मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र धरती से 160 किलोमीटर गहराई में था। भारतीय समयानुसार यह रात 12:47 बजे दर्ज किया गया। पहले झटका 6.0 तीव्रता का था, जिसके तुरंत बाद 6.3 तीव्रता का तेज झटका आया। इसके अलावा 4.7, 4.3 और 5.0 तीव्रता के कई आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए। झटके पाकिस्तान के इस्लामाबाद और एबटाबाद तक महसूस किए गए।

नांगरहार प्रांत के जन स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता नकीबुल्लाह रहीमी ने बताया कि शुरू में नौ लोगों की मौत हुई थी, लेकिन बाद में आंकड़ा बढ़कर 20 तक पहुंच गया। ताजा जानकारी के मुताबिक 250 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में किया जा रहा है।
तालिबान और क्रिकेटर गुरबाज़ ने जताया दुख
तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूर्वी प्रांतों में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है और बचाव कार्यों के लिए केंद्र सहित आसपास के प्रांतों से टीमें भेजी गई हैं।
वहीं अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने भी सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए लिखा कि वे इस त्रासदी से बेहद दुखी हैं। उन्होंने अल्लाह से मृतकों को जन्नत और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ देने की प्रार्थना की।
पिछले साल भी आई थी बड़ी आपदा
अफगानिस्तान में इससे पहले 7 अक्टूबर 2023 को भीषण भूकंप आया था। तालिबान सरकार ने उस समय 4 हजार मौतों का दावा किया था, जबकि संयुक्त राष्ट्र ने 1,500 मौतों की पुष्टि की थी।



