दुर्ग संभाग

स्वतंत्रता दिवस समारोह में लापरवाही : भाजपा नेता ने छोड़े काले कबूतर, वीडियो वायरल, कांग्रेस ने लगाया राष्ट्रीय पर्व के अपमान का आरोप

कवर्धा ( शिखर दर्शन ) // देशभर में स्वतंत्रता दिवस का पर्व हर्षोल्लास और गौरव के साथ मनाया गया। हर जगह आन-बान-शान से तिरंगा फहराया गया। इसी बीच कबीरधाम जिले के ग्राम पंचायत गुढ़ा के स्कूल में आयोजित ध्वजारोहण समारोह के दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति, भाजपा नेता वीरेन्द्र साहू ने सफेद कबूतर की बजाय काले कबूतर आसमान में छोड़ दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के बाद जब कबूतर उड़ाए जाने की बारी आई तो परंपरा के अनुसार सफेद कबूतर की जगह काले कबूतर छोड़े गए। वीडियो में यह दृश्य साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि बाद में वीडियो को एडिट कर कबूतर को सफेद दिखाने की कोशिश भी की गई, लेकिन मूल वीडियो में काले कबूतर स्पष्ट नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर सदियों से सफेद कबूतर उड़ाए जाते हैं, क्योंकि वे शांति, सौहार्द और भाईचारे के प्रतीक माने जाते हैं। वहीं, काला कबूतर नकारात्मकता, शोक और अशुभता का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में इस घटना ने विवाद खड़ा कर दिया है और अब सवाल उठ रहे हैं कि इस लापरवाही पर शासन-प्रशासन कोई कार्रवाई करेगा या इसे नज़रअंदाज़ कर दिया जाएगा।

इस मामले में भाजपा नेता वीरेन्द्र साहू का कहना है, “मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है। कार्यक्रम में मुझे जो कबूतर उड़ाने दिया गया, उसे ही आसमान में छोड़ा है।”

कांग्रेस का हमला

कांग्रेस नेता आनंद सिंह ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आजादी के पावन पर्व पर जहां सफेद कबूतर छोड़े जाने चाहिए थे, वहां काले कबूतर उड़ाकर भाजपा नेता वीरेंद्र साहू ने राष्ट्रीय पर्व का अपमान किया है। अगर यही गलती किसी अधिकारी या कर्मचारी से हुई होती तो तत्काल कार्रवाई कर दी जाती। अब देखना यह है कि सत्ताधारी पार्टी अपने जनप्रतिनिधि पर क्या कदम उठाती है।”

👉 अब यह मामला कबीरधाम जिले में राजनीतिक बहस का विषय बन गया है और लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!