भव्य तिरंगा यात्रा से गूंजा रायपुर : एकता, सुरक्षा और विकास का दिया गया संदेश, मुख्यमंत्री साय का आह्वान- हर घर तिरंगा से सुशोभित हो छत्तीसगढ़
रायपुर ( शिखर दर्शन ) //
भव्य तिरंगा यात्रा मे मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रभक्ति और एकता का दिया संदेश
रायपुर में आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। रायपुर के शहीद स्मारक भवन से तेलीबांधा तक निकली इस यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं शामिल हुए और हजारों नागरिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से मार्ग गूंज उठा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का महान अनुष्ठान है, जो भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धांजलि दें। उन्होंने यह भी कहा कि तिरंगे की असली गरिमा तब बढ़ेगी जब देश आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त होगा।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में पहलगाम में हुए हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में हमारे वीर जवानों के साहस और पराक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने यह भी बताया कि बीते डेढ़ वर्षों में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार एरिया डॉमिनेशन के चलते अब वहां तिरंगा ही लहराता है।
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा हमारा मान, पहचान और अभियान है, और यह उन वीर सैनिकों को समर्पित है जिन्होंने इसकी रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर किया। वहीं, विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि तिरंगा हमें एकजुट करता है और याद दिलाता है कि हम सब एक भारत हैं।
तिरंगा यात्रा में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
इस भव्य आयोजन ने रायपुरवासियों में देशभक्ति, एकता और विकास की भावना को एक नई ऊँचाई दी।



