बिलासपुर में आज सीएम साय के कई कार्यक्रम, स्वच्छता दीदियों का होगा सम्मान, 260 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह करीब 11:20 बजे हेलीकॉप्टर से बिलासपुर पहुंचेंगे। यहां वे शहीद विनोद सिंह कौशिक मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे नगरीय प्रशासन विभाग के स्वच्छता संगम 2025 कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम में स्वच्छता दीदियों का पद प्रक्षालन कर सम्मान और स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विधायक, सांसद और मंत्रीगण भी उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री साय 260 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। साथ ही राज्य स्तरीय स्वच्छता प्रतियोगिता की शुरुआत और 46 शहरों में ऑनलाइन संपत्ति कर जमा करने के पोर्टल का लोकार्पण भी करेंगे।
आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ
मुख्य सचिव अमिताभ जैन आज आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा आयोजित आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ करेंगे। प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की उपस्थिति में रायपुर के एक निजी होटल में होने वाले इस कार्यक्रम में जिला मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। अभियान का पहला चरण 11 से 14 अगस्त और दूसरा 18 से 21 अगस्त तक चलेगा।
EPFO की प्रेस कॉन्फ्रेंस
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) आज शाम 5 बजे सर्किट हाउस, सिविल लाइंस में केंद्र सरकार की रोजगार योजनाओं पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगा, जिसमें जन जागरूकता और जानकारी दी जाएगी।
सर्व समाज मंच की रैली और सभा
कुकुरबेड़ा बस्ती में हाल ही में हुए विवाद के बाद सर्व समाज मंच ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा समेत अन्य मांगों को लेकर आज सुबह 11 बजे मरीन ड्राइव से रैली और राजभवन मार्च की घोषणा की थी। पुलिस ने राजभवन की ओर रैली की अनुमति नहीं दी है और गांधी चौक में सभा करने की अनुमति दी है।
शहर में आज के अन्य कार्यक्रम
सहकार भारती सभा: बुनकर प्रकोष्ठ के प्रथम राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी को लेकर विशेष सभा, वृंदावन हॉल, सिविल लाइंस, दोपहर 3 बजे से।
संकष्ट चतुर्थी व्रत उद्यापन: महाराष्ट्र संस्कार केंद्र एवं महाराष्ट्र मंडल द्वारा सामूहिक व्रत उद्यापन, संत ज्ञानेश्वर सभागृह, दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक।



