CM डॉ. मोहन ने बाबा महाकाल संग मनाया रक्षाबंधन, पूर्णिमा पर पत्नी संग की पूजा और महा रुद्राभिषेक में हुए शामिल

प्रदेश में अच्छी बारिश के लिए किया पर्जन्य महा रुद्राभिषेक
विशेष संवाददाता छमू गुरु की रिपोर्ट :
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पत्नी के साथ भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान वे पर्जन्य महा रुद्राभिषेक में शामिल हुए और प्रदेश में अच्छी बारिश के लिए संकल्प लिया।

मंदिर में आयोजित पर्जन्य पूजा का शुभारंभ मुख्य पुजारी पंडित घनश्याम तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कराया। इसमें 66 पुजारियों द्वारा 11 लघु रुद्राभिषेक का पाठ किया जाएगा।
रक्षाबंधन पर महाकाल मंदिर में विशेष परंपरा के तहत पुजारी परिवार की महिलाओं ने बाबा महाकाल को सबसे पहली राखी बांधी और सवा लाख लड्डुओं का महाभोग अर्पित किया। धार्मिक मान्यता है कि सवा लाख लड्डुओं का महाभोग अर्पित करने से सुख-समृद्धि, संतोष और जीवन में मिठास बनी रहती है। यह भी विश्वास है कि इससे वर्ष भर अनाज और अन्न की कमी नहीं होती तथा घर-परिवार में खुशहाली आती है। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और श्रावण पूर्णिमा पर इसे विशेष रूप से किया जाता है।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल, होमगार्ड और विशेष शाखा के जवान तैनात रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची, जिसके कारण बैरिकेडिंग लगाकर भीड़ को नियंत्रित किया गया। भक्तों में मुख्यमंत्री के साथ बाबा महाकाल के दर्शन करने को लेकर उत्साह देखने को मिला।
