सावन में संवाद और सशक्तिकरण का संगम: रायपुर में महिला पत्रकारों संग ‘ सावन मिलन ’ कार्यक्रम , मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने साझा किए सरकार के सशक्तिकरण प्रयास

रायपुर (शिखर दर्शन) //
हरियाली के प्रतीक सावन माह में जब प्रकृति श्रृंगारित होती है, ठीक उसी तरह राजधानी रायपुर स्थित महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के सरकारी निवास पर भी सोमवार को ‘सावन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन एक सांस्कृतिक और सामाजिक सौहार्द्र के अनूठे संगम में तब्दील हो गया। इस विशेष अवसर पर राजधानी की महिला पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सजावट से लेकर संवाद तक—हर पहलू में दिखी समरसता
मंत्री निवास को पारंपरिक हरे रंग और रंग-बिरंगे पुष्पों से सजाया गया था, जो सावन की सुंदरता और उल्लास को और अधिक जीवंत कर रहा था।

यह आयोजन केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संवाद, सहभागिता और महिला सशक्तिकरण का एक सार्थक मंच भी बना।
महिला पत्रकारों की भूमिका को सराहा
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में सावन को भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और स्त्री शक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा, “ आज की महिला पत्रकार ,, समाज की आंख और आवाज़ दोनों बन चुकी हैं।


वे केवल समाचार देने तक सीमित नहीं रहीं , बल्कि नीति निर्माण और सामाजिक बदलाव की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।”
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि —
महतारी वंदन योजना के तहत 69 लाख से अधिक महिलाओं को हर माह ₹1000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 18 महीनों में कुल ₹11,728 करोड़ वितरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 और 2025-26 में 8000 से अधिक जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
सखी वन स्टॉप सेंटरों के माध्यम से 1.2 लाख से अधिक पीड़ित महिलाओं को सहायता प्रदान की गई।
सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत क्षण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वह दृश्य रहा जब मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने महिला संवाददाताओं संग मिलकर सावन के गीतों पर पारंपरिक नृत्य किया। इसके अलावा सभी महिला पत्रकारों को मेहंदी रचाई गई और पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को जीवंत कर दिया।
मंत्री ने इस अवसर पर पत्रकारों संग हंसी-ठिठोली करते हुए गुपचुप का आनंद भी लिया, जिससे कार्यक्रम और भी आत्मीय और संस्मरणीय बन गया।

आह्वान: योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचे
कार्यक्रम के समापन पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने महिला पत्रकारों से आग्रह किया कि वे राज्य सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं की जानकारी समाज के हर कोने तक पहुंचाएं , ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इनका लाभ उठा सकें।
समारोह ने सावन की सौगात के साथ सामाजिक प्रतिबद्धता का संदेश भी दिया—जहां संवाद, संगीत और सरोकार एक साथ गूंजे।