बस्तर संभाग

ईसाई समुदाय का बड़ा प्रदर्शन: नन की गिरफ्तारी और चर्च में तोड़फोड़ के विरोध में कलेक्ट्रेट घेराव को निकले, पुलिस ने रोका

धर्मांतरण के बाद कफन दफन विवाद पर कांकेर में उबाल: ईसाई समुदाय का विरोध प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कांकेर (शिखर दर्शन) // जामगांव में धर्मांतरण के बाद एक ग्रामीण की मौत और फिर कब्र से शव निकालने की घटना को लेकर उपजा विवाद अब कांकेर तक पहुंच गया है। शुक्रवार को कांकेर के मेलाभाटा मैदान में ईसाई समुदाय के हजारों लोग एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन के लिए जुटे। प्रदर्शनकारियों ने जामगांव में कब्र खोदकर शव निकालने, पीड़ित परिवार को धमकाने, प्रार्थनास्थल में तोड़फोड़ और दुर्ग में एक नन की गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों ने मेलाभाटा मैदान से रैली निकालकर मुख्य मार्ग से होते हुए कलेक्टोरेट का घेराव करने की कोशिश की। लेकिन प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कलेक्ट्रेट मार्ग में बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

ईसाई समुदाय की पांच सूत्रीय मांगों में शामिल हैं:

  1. जामगांव में कब्र से शव निकालने और प्रार्थनास्थल में तोड़फोड़ की उच्चस्तरीय जांच।
  2. पीड़ित परिवार को धमकाने वालों पर सख्त कार्रवाई।
  3. धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
  4. धार्मिक स्वतंत्रता का संरक्षण हो।
  5. दुर्ग में गिरफ्तार नन को न्याय दिलाया जाए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह केवल एक समुदाय नहीं, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला है। ज्ञापन सौंपने के दौरान उन्होंने प्रशासन से मांग की कि धार्मिक विश्वास और सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।

प्रशासन ने स्थिति को संवेदनशील मानते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया है। फिलहाल शांति बनी हुई है, लेकिन मामला गंभीर बना हुआ है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!