शिक्षक की मनमानी: घर से धान लाया टीचर, स्कूल में बच्चों से चुनवाए खराब दाने , शिक्षक पर कार्रवाई की मांग
जांजगीर-चांपा (शिखर दर्शन) // प्राथमिक शाला सिलादेही में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सहायक शिक्षक द्वारा बच्चों से शैक्षणिक गतिविधियों के बजाय खेत से लाया गया धान बिनवाने का कार्य कराया गया। जानकारी मिलते ही शिक्षा समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पालकों की उपस्थिति में पूरे घटनाक्रम का पंचनामा तैयार किया गया। इस मामले की शिकायत कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से की जा रही है।
शिक्षा समिति की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सहायक शिक्षक गोपी कुमार तिवारी अपने घर से 3.5 किलोग्राम धान स्कूल लेकर आए थे और उसमें से ‘करगा’ (खराब दाने) निकालने का कार्य कक्षा 4वीं और 5वीं के छात्रों से कराया जा रहा था। इस दौरान बच्चे पढ़ाई छोड़कर जमीन पर बैठकर धान से खराब दाने बीनते नजर आए। स्वयं शिक्षक गोपी कुमार तिवारी भी बच्चों के साथ यह कार्य कर रहे थे।
स्कूल में कुल तीन शिक्षक पदस्थ हैं, जिनमें से घटना के समय दो उपस्थित थे जबकि एक शिक्षक अर्जित अवकाश पर थे। बच्चों ने बताया कि वे लगभग आधे घंटे से अधिक समय से यह कार्य कर रहे थे। बच्चों से यह कार्य करवाए जाने को लेकर अभिभावकों में रोष है।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे लक्ष्मीप्रसाद देवांगन (शिक्षक), प्रीतम प्रसाद खुरे (प्रधानपाठक), आशीष तिवारी (भाजपा मंडल अध्यक्ष), आलेख दुबे और जिला पंचायत उपाध्यक्ष की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। शिक्षा समिति ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षक पर उचित कार्रवाई की मांग की है।
यह घटना न केवल शिक्षा की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि बच्चों के अधिकारों का भी उल्लंघन करती है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कितनी शीघ्रता से कार्रवाई करते हैं।



