राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देहरादून पहुंचीं, कल आम जनता के लिए खुलेगा ‘राष्ट्रपति आशियाना’, महामहिम करेंगी उद्घाटन
देहरादून (शिखर दर्शन) // राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर गुरुवार को देहरादून पहुंचीं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य गणमान्य अतिथियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति सड़क मार्ग से देहरादून रवाना हुईं।
इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू उत्तराखंडवासियों को एक बड़ी सौगात देने जा रही हैं। राजधानी देहरादून के प्रतिष्ठित राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आशियाना परिसर को पहली बार आम जनता के लिए खोला जाएगा। इसका औपचारिक उद्घाटन राष्ट्रपति शुक्रवार, 20 जून को करेंगी।
आशियाना परिसर में कुल 132 एकड़ भूमि पर फैले क्षेत्र में 19.5 एकड़ में लोवर एस्टेट और शेष क्षेत्र में अत्याधुनिक हरित पार्क विकसित किया गया है। यह पार्क न केवल देहरादून शहर के सौंदर्य को बढ़ाएगा, बल्कि नागरिकों के लिए एक स्थायी और स्वच्छ पर्यावरण का स्रोत भी बनेगा।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, आशियाना परिसर का यह हरित विकास देहरादून को एक नया पहचान देगा और यह पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी बेहद महत्वपूर्ण है। पार्क में वॉकिंग ट्रैक, प्राकृतिक सौंदर्य, खुले मैदान और शुद्ध वातावरण लोगों को आकर्षित करेंगे।
राष्ट्रपति के इस ऐतिहासिक पहल से न केवल आम लोगों को आशियाना परिसर के ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्व को समझने का अवसर मिलेगा, बल्कि यह देहरादून में पर्यटन को भी नई दिशा देगा।
____________________________________________________
