हाइटेंशन तार की चपेट में आए दो मजदूर, हालत नाजुक – बिलासपुर की इंदू इमेजिका कॉलोनी में बड़ा हादसा

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // चकरभाठा थाना क्षेत्र स्थित छतौना की इंदू इमेजिका कॉलोनी में मंगलवार को निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मकान निर्माण के दौरान 11 केवी हाइटेंशन तार की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कॉलोनीवासियों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद घायल दोनों मजदूरों को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, मजदूर इंदू इमेजिका कॉलोनी के मकान नंबर 82 में कार्य कर रहे थे। मकान मालिक शंकर लोकवानी हैं, जो महामाया ट्रैक्टर-ट्रॉली फर्म के संचालक भी हैं। बताया जा रहा है कि मकान के ठीक पास से 11 केवी का हाइटेंशन तार गुज़र रहा है। काम करते समय दोनों मजदूर तार की चपेट में आ गए और छत से नीचे गिर पड़े, जिससे वे बुरी तरह झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही कॉलोनीवासी मौके पर पहुंचे और तुरंत मदद की व्यवस्था की गई। डायल 112 की टीम ने समय पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
वहीं, कॉलोनी डेवेलपर्स का कहना है कि उन्होंने इंदू इमेजिका कॉलोनी को पहले ही हैंडओवर कर दिया है, और उन्हें इस निर्माण की कोई जानकारी नहीं थी। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि हाइटेंशन तार के इतने नजदीक निर्माण कार्य कैसे किया जा रहा था, और इसके लिए जिम्मेदार कौन है – इसकी जांच होनी चाहिए।



