महुआ मोइत्रा ने पति पिनाकी मिश्रा संग पहली बार साझा की तस्वीर, लिखा– ‘शुभकामनाओं के लिए आभार’; बीजेपी अध्यक्ष सहित नेताओं ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // तृणमूल कांग्रेस (TMC) की तेजतर्रार नेता और सांसद महुआ मोइत्रा ने पूर्व बीजेडी सांसद और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता पिनाकी मिश्रा के साथ अपने विवाह की पुष्टि कर दी है। दोनों की शादी की खबरें पिछले कुछ दिनों से चर्चा में थीं, जिन्हें अब खुद महुआ ने सोशल मीडिया के ज़रिए सार्वजनिक कर दिया।

महुआ मोइत्रा ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक फोटो शेयर की है जिसमें वह और पिनाकी मिश्रा केक काटते नज़र आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ महुआ ने लिखा, “आप सभी का प्यार और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद! बेहद आभारी हूं।” तस्वीर में महुआ हल्के पिंक और गोल्डन रंग की पारंपरिक साड़ी में नज़र आईं, जबकि पिनाकी मिश्रा भी पारंपरिक परिधान में दिखाई दिए।

5 जून को इन दोनों की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। बताया जा रहा है कि यह विवाह जर्मनी में एक निजी समारोह में सम्पन्न हुआ। एक वायरल फोटो में दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे नज़र आए थे, लेकिन अब तक किसी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार था। अब महुआ की ओर से पुष्टि होते ही बधाइयों का तांता लग गया है।
टीएमसी की नेता और अभिनेत्री सायोनी घोष ने महुआ और पिनाकी को बधाई देते हुए एक फोटो शेयर की जिसमें वे स्वयं, महुआ, पिनाकी और टीएमसी सांसद जून मलिया साथ दिख रही हैं। उन्होंने लिखा, “बधाई! जीवन भर प्रेम और मुस्कुराहट के लिए शुभकामनाएं।”
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी दोनों को शादी की बधाई दी। उन्होंने कहा, “मैं दोनों को सांसद के तौर पर जानता हूं, उन्हें इस नए जीवन के लिए शुभकामनाएं देता हूं।” टीएमसी के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने भी सोशल मीडिया पर नवविवाहित जोड़े को बधाई दी।
महुआ मोइत्रा का राजनीतिक सफर और विवाद
महुआ मोइत्रा का पहला संसदीय कार्यकाल कई विवादों से घिरा रहा। उन पर ‘कैश फॉर क्वैरी’ (सवाल पूछने के बदले पैसे लेने) का आरोप लगा था, जिससे उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी। उन पर अपने करीबी मित्र दर्शन हीरानंदानी को संसद की लॉगिन आईडी और पासवर्ड देने का भी आरोप था। हालांकि, महुआ ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
पिनाकी मिश्रा का सार्वजनिक जीवन
पिनाकी मिश्रा एक वरिष्ठ वकील और अनुभवी राजनेता हैं। वह ओडिशा के पुरी से बीजेडी के टिकट पर चार बार सांसद रह चुके हैं। पहली बार वह 1996 में लोकसभा पहुंचे थे और फिर 2009 से 2019 तक लगातार सांसद रहे। उनका राजनीतिक और कानूनी करियर तीन दशकों से भी लंबा है। वह सुप्रीम कोर्ट में कई हाई प्रोफाइल मामलों में पैरवी कर चुके हैं और विभिन्न संसदीय समितियों में भी योगदान दे चुके हैं।
महुआ और पिनाकी की यह जोड़ी राजनीति और न्यायपालिका दोनों क्षेत्रों का संगम मानी जा रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह नया अध्याय उनके सार्वजनिक जीवन को कैसे प्रभावित करता है।
