राष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर को 46 हजार करोड़ की सौगात: पीएम मोदी करेंगे दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज और देश के पहले केबल स्टे अंजी ब्रिज का उद्घाटन

जम्मू-कश्मीर (शिखर दर्शन) // जम्मू-कश्मीर और देश के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 6 जून को दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे आर्च ब्रिज और भारत के पहले केबल स्टे रेल ब्रिज ‘अंजी’ का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री 46,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर वे कटरा से श्रीनगर के लिए दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी सुबह 11 बजे चिनाब और अंजी पुल का दौरा और उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद दोपहर 12 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का लोकार्पण किया जाएगा। ये ट्रेनें तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए एक तेज़, आरामदायक और विश्वसनीय यात्रा विकल्प प्रदान करेंगी।

इस दौरान पीएम कटरा स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।


यूएसबीआरएल परियोजना से कश्मीर को देश से जोड़ेगी रफ्तार

प्रधानमंत्री मोदी इस मौके पर उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (USBRL) परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह परियोजना लगभग 43,780 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की गई है। 272 किलोमीटर लंबी इस रेललाइन में कुल 36 सुरंगें (119 किमी) और 943 पुल शामिल हैं। यह रेलवे नेटवर्क कश्मीर घाटी को पूरे साल देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने की क्षमता रखता है।

इसमें शामिल देश की सबसे लंबी ट्रांसपोर्ट सुरंग, T-49 टनल, 12.77 किमी लंबी है। चिनाब नदी पर बना आर्च ब्रिज, जिसकी ऊंचाई 359 मीटर है, दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज है और यह एफिल टावर से भी 35 मीटर ऊंचा है।


22 साल में पूरा हुआ इंजीनियरिंग का चमत्कार

चिनाब ब्रिज प्रोजेक्ट को 2003 में मंजूरी मिली थी और इसे 2009 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन तकनीकी और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के कारण यह कार्य 22 साल बाद पूरा हो पाया। इसका निर्माण अगस्त 2022 में पूर्ण हुआ और फरवरी 2023 में ट्रैक बिछाने का कार्य शुरू हुआ। 20 जून 2024 को इस ब्रिज पर पहली बार ट्रेन का ट्रायल रन किया गया।


कटरा को मिलेगा पहला मेडिकल कॉलेज

पीएम मोदी रियासी जिले के कटरा में श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस की भी आधारशिला रखेंगे। यह 350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाला रियासी जिले का पहला मेडिकल कॉलेज होगा, जो इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को एक नया आयाम देगा।


प्रधानमंत्री का ट्वीट—‘चिनाब ब्रिज असाधारण उपलब्धि’

अपने दौरे से पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, “जम्मू-कश्मीर के लिए कल का दिन ऐतिहासिक होगा। 46,000 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ होगा जिससे बुनियादी ढांचे में सुधार और जीवन स्तर में परिवर्तन आएगा। कटरा-श्रीनगर वंदे भारत सेवा से आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। चिनाब रेलवे ब्रिज एक असाधारण उपलब्धि है।”


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!