शनिचरी बाजार में भीषण आग: 20 से ज्यादा दुकानें जलकर खाक, व्यापारियों को भारी नुकसान
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // शहर के सबसे व्यस्ततम शनिचरी बाजार में बुधवार तड़के सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि इसकी चपेट में आकर करीब दो दर्जन दुकानें जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलते ही नगर निगम और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सुबह करीब 3 बजे लगी और देखते ही देखते बाजार की कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। खासतौर पर तेल, कॉस्मेटिक और किराना सामान की दुकानें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। सकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में काफी कठिनाई हुई, जिससे आग पर नियंत्रण पाने में देरी हुई।

हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन व्यापारियों को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर ली है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित व्यापारियों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।



