पहलगाम आतंकी हमले के संदिग्धों के स्केच जारी, अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा किया, सेना को अलर्ट रहने के निर्देश
जम्मू-कश्मीर (शिखर दर्शन) // जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के संदिग्धों के स्केच जारी कर दिए गए हैं। सुरक्षा और इंटेलिजेंस एजेंसियों ने हमले में शामिल आतंकियों के नाम आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबु तल्हा बताए हैं। इस हमले में दो पाकिस्तानी आतंकियों के साथ-साथ दो स्थानीय आतंकियों का भी शामिल होना सामने आया है। हमले का मास्टरमाइंड लश्कर-ए-तैयबा का डिप्टी चीफ सैफुल्लाह खालिद बताया जा रहा है, और इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर के विंग द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है।

हमले में शामिल आतंकियों ने की थी 15-20 मिनट तक फायरिंग
सूत्रों के अनुसार, दो आतंकी पश्तून भाषा में बात कर रहे थे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वे पाकिस्तानी नागरिक थे। स्थानीय आतंकियों के नाम आदिल अहमद ठाकुर और आशिफ शेख बताए गए हैं। इन आतंकियों ने AK-47 से 15-20 मिनट तक ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।

सेना को अलर्ट किया गया
आतंकी हमले के बाद सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है, और जम्मू-कश्मीर के भीतर और एलओसी पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हमले की जगह का दौरा किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। शाह ने कहा कि भारत आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
श्रीनगर में पीड़ित परिवारों से मिले अमित शाह
अमित शाह ने श्रीनगर में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, “पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। यह कायराना हमला है, और इसके दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।”

NIA की टीम घटनास्थल पर पहुंची
जांच के लिए एनआईए की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और साक्ष्य एकत्रित कर रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की वापसी के बाद दिल्ली में सीसीएस की बैठक होगी, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल होंगे।
पुलवामा अटैक के बाद जम्मू-कश्मीर में हुआ यह सबसे बड़ा हमला
यह हमला 2019 में हुए पुलवामा आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में हुआ सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है, जिसमें 40 CRPF जवान शहीद हुए थे।

