‘जाओ, मोदी को बता देना…’, पत्नी के सामने पति को मारने के बाद बोले आतंकी, पीड़िता ने बताई अपनी आपबीती
जम्मू-कश्मीर (शिखर दर्शन) // 22 अप्रैल, 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने बड़ा हमला किया, जिसमें 26 लोग मारे गए। यह हमला बैसरन घाटी में पर्यटकों पर किया गया, जब वे छुट्टियों के दौरान घाटी में घूमने आए थे। पुलवामा के बाद यह अब तक का सबसे बड़ा आतंकी हमला है। कर्नाटक के शिवमोगा जिले के मंजूनाथ, जो अपनी पत्नी पल्लवी और छोटे बेटे के साथ यहां छुट्टियां मनाने आए थे, इस हमले में मारे गए।
धर्म के नाम पर आतंकियों का हमला: चश्मदीदों ने सुनाई खौफनाक दास्तान
पल्लवी ने हमले की खौफनाक दास्तान साझा की, जिसमें उन्होंने बताया, “हम तीन लोग कश्मीर घूमने आए थे और हम पहलगाम में थे। हमला दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ था। मेरे पति मौके पर ही मारे गए। यह अभी भी एक बुरे सपने जैसा लगता है।” पल्लवी ने बताया कि हमले के बाद स्थानीय नागरिकों ने उनकी मदद की और तीन स्थानीय लोगों ने उनकी जान बचाई।
आतंकवादियों ने मोदी का नाम लेकर दी धमकी
पल्लवी के अनुसार, हमलावरों ने हिंदू पर्यटकों को निशाना बनाया था। एक आतंकवादी ने पल्लवी से कहा, “मैं तुम्हें नहीं मारूंगा, जाओ मोदी को ये बता देना।” यह घटना आतंकवादियों द्वारा पीएम मोदी का नाम लेकर दी गई धमकी का भी संकेत देती है।

पति का शव वापस लाने की अपील
पल्लवी ने अधिकारियों से अपील की कि उनके पति का शव जल्द से जल्द शिवमोगा वापस लाया जाए। उनका कहना था कि शव को हवाई मार्ग से लाया जाना जरूरी है, क्योंकि इसे नीचे लाना आसान नहीं है।
घटना पर दुनियाभर से संवेदनाएं
इस हमले पर दुनियाभर के नेताओं ने दुख जताया है, जिनमें अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप, रूस के व्लादिमीर पुतिन, इज़राइल के बेंजामिन नेतन्याहू और इटली की जॉर्जिया मेलोनी शामिल हैं।
कानपुर के शुभम द्विवेदी की पत्नी के सामने गोली मारी
इस हमले में कानपुर के शुभम द्विवेदी भी मारे गए। आतंकवादियों ने उनके धर्म के बारे में पूछा और शुभम को उनकी पत्नी के सामने गोली मार दी। शुभम सीमेंट कारोबारी थे और 17 अप्रैल को अपनी पत्नी एशान्या और परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर घूमने गए थे।
घटनास्थल पर मची भगदड़
हमले के बाद घटनास्थल पर भगदड़ मच गई थी। सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया।
