रिजिजू ने ममता बनर्जी को संविधान का पाठ पढ़ाया: वक्फ कानून लागू नहीं करने का बयान मुस्लिमों को भ्रमित कर सकता है, केंद्रीय मंत्री ने कहा- पहले संविधान पढ़ें, फिर बयान दें

वक्फ कानून को लेकर ममता बनर्जी पर किरेन रिजिजू का तीखा हमला: पूछा- क्या मुख्यमंत्री को संविधान नहीं पता?
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर वक्फ कानून को लेकर कड़ा प्रहार किया है। ममता बनर्जी ने हाल ही में बयान दिया था कि वह राज्य में वक्फ कानून को लागू नहीं होने देंगी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रिजिजू ने कहा कि मुख्यमंत्री एक संवैधानिक पद पर हैं और उन्हें संसद द्वारा पारित कानूनों का पालन करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया—क्या ममता बनर्जी को संविधान की जानकारी नहीं है?
रिजिजू ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार वक्फ कानून को लेकर पहले ही संशोधन कर चुकी है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा वक्फ बोर्ड को मिली असीमित शक्तियों पर अब पुनर्विचार किया गया है ताकि लोगों को उनकी भूमि पर न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि भूमि हमारे लिए अत्यंत मूल्यवान है और इतिहास में कई युद्ध भूमि को लेकर ही लड़े गए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि “वक्फ बाय यूजर” जैसा विवादास्पद प्रावधान अब समाप्त कर दिया गया है। यह प्रावधान बिना किसी दस्तावेज के किसी भी संपत्ति को वक्फ घोषित करने की अनुमति देता था। अब किसी भी विवादित संपत्ति को वक्फ संपत्ति घोषित करने के लिए अदालत का आदेश अनिवार्य होगा। उन्होंने खुलासा किया कि वर्ष 2013 से 2025 के बीच वक्फ बोर्ड ने 18 लाख से अधिक संपत्तियों पर दावा किया, जिससे यह ज़रूरी हो गया कि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित किया जाए।
रिजिजू ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार किसी धर्म या समुदाय के विरुद्ध कार्य नहीं कर रही है, बल्कि पूर्ववर्ती गलतियों को सुधारने की दिशा में कदम उठा रही है। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि केरल में वक्फ बोर्ड ने 600 मछुआरों की भूमि को वक्फ संपत्ति घोषित कर दिया था, जिससे स्थानीय जनता में भारी आक्रोश फैला।
इस पूरे मामले को लेकर देशभर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। ममता बनर्जी के बयान और रिजिजू की प्रतिक्रिया को लेकर सियासी हलकों में तीखी बहस छिड़ गई है।