पत्नी की हत्या कर 6 माह की बेटी को छोड़कर फरार हुआ आरोपी पति
कोरबा (शिखर दर्शन) // उर्जाधानी कोरबा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद से परेशान एक युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर अपनी छह माह की मासूम बेटी को मृतका के शव के पास छोड़कर फरार हो गया। आरोपी अपने पांच वर्षीय बेटे को साथ लेकर भाग निकला है। यह सनसनीखेज घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के रामसागरपारा की है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राजकुमार यादव और उसकी पत्नी दुर्गा सिंह राजपूत के बीच शादी के कुछ समय बाद से ही आए दिन विवाद होते रहते थे। मृतका के परिजनों ने बताया कि सोमवार को एक बार फिर दोनों के बीच कमरे में झगड़ा हुआ। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि राजकुमार ने आपा खोते हुए पत्नी दुर्गा की गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने अपनी 6 माह की बेटी को शव के पास छोड़ दिया और 5 वर्षीय बेटे को साथ लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और आसपास के लोग स्तब्ध हैं।



