राष्ट्रीय

वक्फ कानून को लेकर पश्चिम बंगाल में भड़की हिंसा, ममता बनर्जी बोलीं – राज्य में नहीं होगा कानून लागू

मुर्शिदाबाद में हालात बेकाबू, 118 से ज्यादा गिरफ्तार, इंटरनेट सेवाएं बंद

पश्चिम बंगाल में केंद्र सरकार द्वारा लाए गए वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ हिंसा भड़क उठी है। मुर्शिदाबाद जिले में बीते चार दिनों से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। राज्यभर में अब तक 118 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। स्थिति को काबू में लाने के लिए कई इलाकों में धारा 144 लागू और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्पष्ट किया है कि यह कानून बंगाल में लागू नहीं होगा और शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं भाजपा ने राज्य सरकार पर असफल प्रशासन का आरोप लगाया है।


कोलकाता (शिखर दर्शन) //
पश्चिम बंगाल में वक्फ संशोधन कानून को लेकर तनाव चरम पर पहुंच गया है। मुर्शिदाबाद जिले में बीते चार दिनों से लगातार हिंसा हो रही है, जिसके चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। साथ ही मालदा, दक्षिण 24 परगना और हुगली जिलों में भी हिंसक प्रदर्शन दर्ज किए गए हैं। पूरे राज्य में अब तक 118 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि केंद्र द्वारा लाया गया वक्फ संशोधन कानून बंगाल में लागू नहीं किया जाएगा। ममता बनर्जी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सभी धर्मों के लोगों से मेरी विनम्र अपील है कि कृपया शांत रहें, संयम रखें। धर्म के नाम पर कोई अधार्मिक व्यवहार न करें। हर इंसान की जान कीमती है। राजनीति के लिए दंगे न भड़काएं। यह कानून केंद्र सरकार द्वारा लाया गया है, हमने नहीं। इसलिए जवाबदेही केंद्र की बनती है।”

मुर्शिदाबाद सबसे ज्यादा प्रभावित, धारा 144 लागू, इंटरनेट बंद

पुलिस के मुताबिक, हिंसा के केंद्र बने सुटी से 70 और समसेरगंज से 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति मुर्शिदाबाद जिले में है, जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू कर दी गई है और इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद की गई हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन इलाकों में गश्त तेज कर दी गई है और किसी को भी इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है।

पुलिस फायरिंग में घायल युवक अस्पताल में भर्ती

हिंसा के दौरान पुलिस की गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

राज्य सरकार की आलोचना, भाजपा ने बताया प्रशासनिक विफलता

विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने इस हिंसा को “पूर्व नियोजित” बताते हुए ममता सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा, “यह लोकतंत्र और शासन पर सीधा हमला है। यदि सरकार स्थिति को संभालने में असमर्थ है, तो उसे केंद्र से मदद मांगनी चाहिए।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!