रामनवमी पर राष्ट्र को सौगात: प्रधानमंत्री मोदी ने किया पंबन सी-ब्रिज का उद्घाटन, देश को मिला पहला वर्टिकल लिफ्ट रेलवे ब्रिज

रामेश्वरम (शिखर दर्शन) // रामनवमी के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के ऐतिहासिक पंबन रेलवे ब्रिज का भव्य उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने सड़क पुल से एक ट्रेन और एक जहाज को हरी झंडी दिखाकर इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की शुरुआत की। लगभग 535 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह ब्रिज न केवल इंजीनियरिंग की एक अद्भुत मिसाल है, बल्कि यह देश का पहला वर्टिकल लिफ्ट सी-ब्रिज भी है, जो आधुनिक भारत की तकनीकी प्रगति का प्रतीक बन चुका है।
नया पंबन रेल ब्रिज तमिलनाडु के मंडपम रेलवे स्टेशन को रामेश्वरम रेलवे स्टेशन से जोड़ता है। यह पुल समुद्र के ऊपर बना हुआ है और इसके जरिए अब ट्रेनें सुगमता से रामेश्वरम तक पहुंच सकेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2019 में इस परियोजना की आधारशिला रखी थी, और आज इसका सपना साकार हुआ।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने रामेश्वरम स्थित श्री रामनाथस्वामी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने श्रीराम से राष्ट्र की समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु में 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही एक विशाल जनसभा को संबोधित कर प्रदेश के विकास का नया दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे।
इस अवसर पर श्रीलंका से लौटते हुए प्रधानमंत्री ने आकाश से ‘रामसेतु’ के दिव्य दर्शन का एक वीडियो भी साझा किया। उन्होंने लिखा, “आज रामनवमी के पावन अवसर पर श्रीलंका से लौटते समय आकाश से रामसेतु के दिव्य दर्शन हुए। ईश्वरीय संयोग से उसी समय मुझे अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक के दर्शन का भी सौभाग्य मिला। मेरी प्रार्थना है कि हम सभी पर प्रभु श्रीराम की कृपा बनी रहे।”

रामनवमी के दिन यह पुल राष्ट्र को समर्पित होना एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संयोग भी है, जो भारत के आधुनिकीकरण और धार्मिक चेतना के समन्वय को दर्शाता है।



