चाय बेचने वाले जीवर्धन बने महापौर, जीत का श्रेय CM और वित्त मंत्री को दिया

रायगढ़ (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के महापौर प्रत्याशी जीववर्धन चौहान ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वरिष्ठ नेता ओपी चौधरी और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। चुनावी जीत के बाद चौहान ने कहा कि वे रायगढ़ के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

संघर्ष से सफलता तक: जीववर्धन चौहान का सफर
रायगढ़ के रेलवे कॉलोनी, सोनकर पारा निवासी जीववर्धन चौहान का राजनीतिक सफर संघर्षों से भरा रहा है। एक समय चाय बेचकर जीविका चलाने वाले चौहान ने 1996 में BJP की सदस्यता ली थी। इसके बाद 1998 में उन्हें वार्ड अध्यक्ष बनाया गया और धीरे-धीरे पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाते गए।
2004 में चौहान को भाजयुमो नगर कार्यकारिणी में शामिल किया गया, फिर 2005 में नगर मंत्री, 2006 में नगर उपाध्यक्ष, 2008 में नगर महामंत्री, और 2011 में नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। हाल ही में, 2023 से 2024 तक वे प्रदेश मंत्री (अजा मोर्चा) और जिला BJP कार्यसमिति सदस्य भी रहे।
रायगढ़ के विकास पर रहेगा फोकस
महापौर पद की शपथ लेने के बाद जीववर्धन चौहान ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रायगढ़ के विकास को गति देना है। वे शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही सड़क, पानी, सफाई और ट्रैफिक जैसी समस्याओं के समाधान पर ध्यान देंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी पूरी टीम जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए तत्पर रहेगी।