दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन ? शाह-नड्डा बैठक में नामों पर मंथन, 16 फरवरी को होगा ऐलान

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // दिल्ली के नए मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस जल्द खत्म होने वाला है। मंगलवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा के बीच करीब एक घंटे तक बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरों और सरकार गठन के फॉर्मूले पर विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा आलाकमान मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अपनाए गए रणनीतिक मॉडल को दिल्ली में भी दोहरा सकता है। हालांकि, अंतिम निर्णय 16 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद लिया जाएगा।
शाह-नड्डा बैठक में किन नामों पर हुई चर्चा?
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक भाजपा ने मुख्यमंत्री पद के लिए किसी नाम की घोषणा नहीं की है। पार्टी के सामने कई दावेदार हैं, जिनमें प्रमुख रूप से परवेश वर्मा और मोहन सिंह बिष्ट का नाम लिया जा रहा है। इसके अलावा, दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री बनाने या पूर्वांचली चेहरे को मौका देने की चर्चा भी तेज है।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ग्रेटर कैलाश से जीतने वाली शिखा राय, नजफगढ़ की विधायक नीलम पहलवान, और बुराड़ी से निर्वाचित पूनम शर्मा के नामों पर भी विचार कर रही है। बिहार चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा किसी पूर्वांचल मूल के नेता को भी दिल्ली की कमान सौंप सकती है।
विधायकों से चर्चा के बाद होगा फैसला
बैठक से पहले भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने दिल्ली के कुछ विधायकों से मुलाकात कर उनके विचार जाने। पार्टी नेतृत्व इस बार मुख्यमंत्री पद के लिए किसी सरप्राइज चेहरे को भी आगे कर सकता है, जैसा कि हाल ही में अन्य राज्यों में देखा गया था।
भाजपा की रणनीति दिल्ली में सत्ता की स्थिरता और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए बनाई जा रही है। 16 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें अंतिम फैसला लिया जाएगा और उसके बाद नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।



