छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव 2025: भाजपा ने एक और ‘चायवाले’ को दिया बड़ा मौका, रायगढ़ निगम में मेयर प्रत्याशी नियुक्त

रायगढ़ (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के आगामी निकाय चुनाव 2025 में एक और ‘चायवाले’ का राजनीति में भाग्य चमकने जा रहा है। चुनावी चर्चा के बीच यह बात तेजी से वायरल हो रही है और सोशल मीडिया के जरिए प्रदेश ही नहीं, देश की राजनीति में भी इसकी गूंज सुनाई दे रही है। भाजपा ने रायगढ़ नगर निगम के महापौर पद के लिए जीवर्धन चौहान को अपना प्रत्याशी घोषित किया है, जो चाय की दुकान चलाते हैं।
रायगढ़ में भाजपा द्वारा जीवर्धन चौहान को मेयर पद का उम्मीदवार बनाए जाने से स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़े नेताओं में भी हड़कंप मच गया है। पार्टी कार्यकर्ता हैरान हैं कि भाजपा कैसे एक छोटे से कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने जा रही है। जीवर्धन चौहान का राजनीति में प्रवेश और उनकी उम्मीदवारी ने यह सिद्ध कर दिया है कि भाजपा को सियासत में छोटे कार्यकर्ताओं की अहमियत का अहसास है।
दिलचस्प बात यह है कि भाजपा ने जीवर्धन को केवल एक चायवाले के रूप में नहीं देखा, बल्कि उनकी आरएसएस से जुड़ाव, नशा मुक्ति आंदोलन में सक्रिय भूमिका, और रायगढ़ में भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में उन्हें इस महत्वपूर्ण पद के लिए उपयुक्त माना। भाजपा के राजनीतिक विश्लेषण ने पहले ही जीवर्धन को मेयर पद की दौड़ में गंभीर उम्मीदवार बताया था, और अब यह विश्लेषण सच साबित हो रहा है।
रायगढ़ के अलावा, बिलासपुर नगर निगम में भी भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है, जो सभी के लिए चौंकाने वाली रही। बिलासपुर में भाजपा ने ओबीसी सीट पर महिला उम्मीदवार पूजा विधानी को मैदान में उतारकर राजनीति के खेल को और दिलचस्प बना दिया है। यह संकेत देता है कि भाजपा निकाय चुनाव में अपने रणनीतिक निर्णयों से विरोधियों को चौंकाने के लिए तैयार है।



