रायपुर संभाग

CGPSC घोटाला: एसके गोयल के बेटे-बहू समेत तीन आरोपी CBI रिमांड पर

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित CGPSC घोटाला मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बजरंग पावर के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल के बेटे शशांक गोयल, उनकी बहू भूमिका कटियार और पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी के भतीजे साहिल सोनवानी को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद रायपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें CBI रिमांड पर भेजा गया। अदालत ने तीनों को एक दिन की रिमांड पर सौंपा है। अब CBI कल शाम 5 बजे तीनों को दोबारा अदालत में पेश करेगी।

भर्ती में धांधली और VIP सिफारिशें बनीं जांच का केंद्र
CBI की जांच में सामने आया है कि 2020 से 2022 के बीच डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य पदों पर भर्ती में भारी गड़बड़ियां की गईं। आरोप है कि तत्कालीन चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर रिश्तेदारों और VIP लोगों के करीबियों को चयन सूची में शामिल कराया।

पहले भी हुई हैं कई गिरफ्तारियां
CBI ने इससे पहले शनिवार को टामन सिंह सोनवानी के भतीजे नितेश सोनवानी और पूर्व डिप्टी एग्जाम कंट्रोलर ललित गनवीर को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा, टामन सिंह सोनवानी और श्रवण कुमार गोयल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

भर्ती में गड़बड़ियों का पूरा मामला
CGPSC की 2019 से 2022 तक की भर्तियों को लेकर विवाद गहराया हुआ है। परीक्षा और इंटरव्यू प्रक्रिया में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। CGPSC ने 2020 में 175 और 2021 में 171 पदों पर भर्तियां आयोजित की थीं। आरोप है कि प्री-एग्जाम, मेन्स और इंटरव्यू प्रक्रिया में धांधली करते हुए रिश्तेदारों और कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों के करीबी उम्मीदवारों को चयन सूची में शामिल किया गया।

CBI जांच जारी
घोटाले के खुलासे के बाद CBI ने 2023 में मामला दर्ज किया और कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों के पुख्ता सबूत मिले। CBI की जांच अब भी जारी है, और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!