मध्यप्रदेश

उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री का ग्वालियर दौरा: तानसेन समारोह का शताब्दी आयोजन, जियो साइंस म्यूजियम का लोकार्पण

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज ग्वालियर में विकास कार्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सौगात देंगे। महाराजबाड़ा में जियो साइंस म्यूजियम का लोकार्पण और जीवाजी विश्वविद्यालय में महाराज जीवाजी राव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण इस दौरे की प्रमुख गतिविधियों में शामिल हैं। इन कार्यक्रमों में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी भाग लेंगे।

गिनीज रिकॉर्ड के लिए प्रयास

ग्वालियर में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में 350 वादकों का एक विशाल बैंड अपनी प्रस्तुति देगा। इस “नादब्रह्म” कार्यक्रम में बांसुरी, सितार, सरोद, संतूर, शहनाई, सारंगी और हार्मोनियम जैसे विभिन्न वाद्य यंत्रों के सामूहिक वादन की मधुर धुनें गूंजेंगी। तबला और पखावज की थाप पर सजे सुर और ताल का यह अद्भुत संगम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का प्रयास करेगा।

तानसेन समारोह का शुभारंभ

शाम 6 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुर सम्राट तानसेन की स्मृति में आयोजित तानसेन संगीत समारोह का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस बार का आयोजन विशेष है, क्योंकि यह समारोह अपनी 100वीं वर्षगांठ मना रहा है। 15 से 19 दिसंबर तक चलने वाले इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत के विविध रंग देखने और सुनने को मिलेंगे।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की रूपरेखा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 10:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से ग्वालियर पहुंचेंगे। सुबह 10:55 बजे उपराष्ट्रपति का स्वागत करने के बाद वे 11:00 बजे महाराजबाड़ा में जियो साइंस म्यूजियम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 11:35 बजे जीवाजी विश्वविद्यालय में आयोजित प्रतिमा अनावरण समारोह में भाग लेंगे। दोपहर 2:30 बजे वे विश्वविद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम और विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर 3:55 बजे ग्वालियर से भोपाल लौटेंगे।

ग्वालियरवासियों के लिए यह दिन न केवल सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का होगा, बल्कि विकास कार्यों की नई शुरुआत का भी प्रतीक बनेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!