पति-पत्नी के विवाद के बाद घर में आग, सिलेंडर फटने से पति की मौत, पांच लोग झुलसे

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रामेश्वर नगर में पति-पत्नी के विवाद ने भयावह रूप ले लिया। गुस्साए पति ने घर में आग लगा दी, जिसके बाद सिलेंडर फटने से पति की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मी समेत पांच लोग झुलस गए।
यह घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, रामेश्वर नगर में पति-पत्नी के बीच विवाद की सूचना पर थाना पेट्रोलिंग मौके पर पहुंची थी। गुस्साए पति राजा राव (40 वर्ष) ने घर में आग लगा दी। पुलिस ने पत्नी संध्या को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन इसी दौरान घर में रखा सिलेंडर फट गया। इस हादसे में पेट्रोलिंग स्टाफ के दो आरक्षक, विकास सिंह और हेमंत गिलहरे समेत तीन अन्य नागरिक झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और मृतक राजा राव का शव बरामद किया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है।