महाकालेश्वर मंदिर में मार्गशीर्ष माह के शुभ अवसर पर विशेष भस्म आरती

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मार्गशीर्ष माह, शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। बुधवार सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खोलने के साथ भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद पंचामृत से अभिषेक पूजन संपन्न हुआ, जिसमें दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस का उपयोग किया गया।

भगवान महाकालेश्वर का दिव्य श्रृंगार रजत मुकुट, रुद्राक्ष माला, और सुगंधित पुष्पों से किया गया। भगवान को भस्म चढ़ाने के साथ फलों और मिष्ठान का भोग लगाया गया। सुबह की भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं व्यक्त करते हुए बाबा महाकाल से आशीर्वाद मांगा। पूरा मंदिर परिसर बाबा महाकाल की जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना कर इस शुभ दिन को विशेष बना दिया।
महाकाल मंदिर में यह आयोजन विशेष रूप से शिवभक्तों के लिए अध्यात्मिक ऊर्जा का स्रोत बना हुआ है, जो हर साल श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।