छत्तीसगढ़ में धान खरीदी जारी: अब तक 29.22 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया, 6.15 लाख किसानों को 6727 करोड़ रुपये का भुगतान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। 14 नवंबर से शुरू हुए खरीफ सीजन में अब तक 29.22 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। इस दौरान 6.15 लाख किसानों ने धान बेचकर 6727 करोड़ 93 लाख रुपये का भुगतान प्राप्त किया है। किसानों को यह राशि बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत सीधे उनके खातों में दी गई है। यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक जारी रहेगा।
1.45 लाख नए किसान पंजीकृत
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस खरीफ वर्ष में 27.68 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है, जिसमें 1.45 लाख नए किसान शामिल हैं। सरकार ने इस वर्ष 2739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से लगभग 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है।
5 दिसंबर को 2.98 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी
आज 5 दिसंबर को प्रदेश के 65663 किसानों से 2.98 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया। इसके लिए 70692 टोकन जारी किए गए थे, जबकि अगले दिन के लिए 76378 टोकन जारी किए गए हैं।
शिकायत समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
धान बेचने वाले किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 0771-2425463 जारी किया है। किसान इस नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायतों का निवारण करा सकते हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार का यह कदम राज्य के किसानों को समर्थन देने और कृषि क्षेत्र में सुगमता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है।