मुख्यमंत्री दिल्ली दौरे पर, नक्सल विरोधी अभियान पर चर्चा, नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां तेज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने दिल्ली दौरे पर हैं, जहां वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में नक्सल विरोधी अभियानों पर चर्चा की। दूसरी ओर, कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनावों और धान खरीदी अभियान को लेकर कमर कस ली है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दिल्ली दौरा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दिल्ली दौरे पर हैं। वह महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, जहां फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात, नक्सल मुद्दे पर चर्चा
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस बैठक में छत्तीसगढ़ में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने राज्य में नक्सली गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे। गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर ओलंपिक और पुलिस अवार्ड समारोह में छत्तीसगढ़ आने की योजना की भी पुष्टि की।
9 ट्रेनें रद्द, यात्रियों को परेशानी
रेल यात्रियों को एक बार फिर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रायपुर मंडल के हथबंध-तिल्दा नेवरा सेक्शन में अधोसंरचना विकास कार्यों के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया है, जिसके चलते 6 दिसंबर से 9 दिसंबर 2024 तक 9 ट्रेनों को रद्द किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की है।
कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियां तेज की
आगामी नगरीय निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। 6 दिसंबर से विभिन्न जिलों में कांग्रेस के प्रभारी सचिव बैठकें करेंगे। विजय जांगिड़ रायपुर में बैठक करेंगे, जबकि ज़रिता लैतफलांग कोरबा और अंबिकापुर में संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करेंगी। इन बैठकों में चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस का ‘धान खरीदी चलो’ अभियान
कांग्रेस ने ‘धान खरीदी चलो’ अभियान के तहत 6 दिसंबर को रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की घोषणा की है। इस कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, शिव डहरिया, पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, और पूर्व सांसद छाया वर्मा हिस्सा लेंगे।
धान खरीदी में तेजी, किसानों को 5994 करोड़ का भुगतान
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान जारी है। अब तक 26.04 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। 5.49 लाख किसानों ने अपनी उपज बेची है, जिसके लिए सरकार ने 5994 करोड़ 82 लाख रुपये का भुगतान किया है। इस खरीफ सीजन में कुल 27.68 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है।
प्रदेश में धार्मिक आयोजन जारी
राज्यभर में धार्मिक आयोजन भी जारी हैं।
- प्रवचन सभा: संतश्री विनय कुशल मुनि और विराग मुनि के सानिध्य में प्रवचन सभा का आयोजन टाटिया हाउस, बंगला नंबर-14, रिगालिया सोसाइटी में सुबह 9 से 10 बजे तक होगा।
- भागवत कथा: कथावाचक गोपाल शरण देवाचार्य महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन खुड़मुड़ा मार्ग स्थित हरिओम निवास, अमलेश्वर में दोपहर 1 से 4 बजे तक होगा।
- श्रीराम कथा: श्रीमहामाया देवी मंदिर सार्वजनिक न्यास, पुरानी बस्ती के तत्वावधान में महामाया मंदिर प्रांगण में दोपहर 2:30 से शाम 6 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा।