बिलासपुर संभाग

छत्तीसगढ़ समाचार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुरक्षा में बड़ी चूक, ड्रोन उड़ाने के आरोप में दो युवक गिरफ्तार

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बिलासपुर दौरे के दौरान सुरक्षा में एक बड़ी चूक सामने आई है। शनिवार को अरपा रिवर व्यू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नो फ्लाइंग जोन घोषित किए गए क्षेत्र में बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने का मामला दर्ज किया गया। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से ड्रोन भी जब्त कर लिया गया है।

शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर दौरे पर थे और उन्होंने कई कार्यक्रमों में शिरकत की, जिनमें से एक कार्यक्रम अरपा रिवर व्यू में आयोजित था। सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया था। इसके बावजूद, कार्यक्रम के दौरान एक ड्रोन आसमान में मंडराता हुआ देखा गया, जो मुख्यमंत्री के करीब पहुंचने की कोशिश कर रहा था।

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और आम जनता ने ड्रोन को उड़ते देखा, जिसे मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही मानी जा रही है। सिविल लाइन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांधी चौक के फजलबाड़ा निवासी अदनान सैफी (23 वर्ष) और तेलीपारा काली मंदिर के पास रहने वाले ताहा भारमल (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। इन युवकों के पास से ड्रोन बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने नो फ्लाइंग जोन में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और अन्य युवकों को भी सख्त चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

इस घटना से प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं और इस तरह की लापरवाही भविष्य में न हो, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता जताई जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!