‘सनातन हिंदू एकता’ पदयात्रा का तीसरा दिन: डॉ. कुमार विश्वास और अक्षरा सिंह होंगी शामिल, नौगांव पहुंचेंगे धीरेंद्र शास्त्री

छतरपुर ( शिखर दर्शन ) // बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में चल रही ‘सनातन हिंदू एकता’ पदयात्रा ने छतरपुर जिले में अपने तीसरे दिन में प्रवेश कर लिया है। यात्रा का उद्देश्य जात-पात की दीवारें हटाकर हिंदू समाज को एकजुट करना है। इसी उद्देश्य को लेकर यात्रा का नाम रखा गया है, ‘जात-पात मिटाओ, हिंदुओं एक हो जाओ’ यात्रा। इस अभियान का तीसरा दिन विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहेगा, क्योंकि इसमें प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास और भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी शामिल होंगी।
महाराजा छत्रसाल को किया जाएगा नमन, नौगांव में विश्राम
तीसरे दिन की यात्रा मऊसहानियां स्थित महाराजा छत्रसाल शौर्यपीठ से आरंभ होकर नौगांव पहुंचेगी। महाराजा छत्रसाल के शौर्यपीठ पर उन्हें नमन करते हुए यात्रा शाम को नौगांव के शांति कॉलेज पहुंचेगी, जहां यात्रियों का रात्रि विश्राम होगा। नौगांव में इस अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया गया है। सम्मेलन में देशभर के राष्ट्रवादी कवियों के साथ-साथ डॉ. कुमार विश्वास और अक्षरा सिंह अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे।
जात-पात की दीवारें तोड़ने का संकल्प
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने यात्रा के दौरान ‘हम सब हिंदू भाई-भाई’ के नारे लगाते हुए जातिवाद समाप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने यात्रा के आलोचकों को जवाब देते हुए कहा, “इस देश में ठठरी के जलसे को जायज और पदयात्रा को नाजायज बताया जा रहा है। यह यात्रा उन सभी के लिए जवाब है जो इसे बंद करवाने की बात करते हैं।”
9 दिन और 158 किलोमीटर की होगी पदयात्रा
यह यात्रा 21 नवंबर से शुरू हुई है और 9 दिन तक चलेगी, जिसमें कुल 158 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। अब तक यात्रा में 35 किलोमीटर की दूरी तय की जा चुकी है, जिसमें कुल 8 पड़ाव होंगे। इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से संत और कला क्षेत्र से जुड़ी हस्तियां इस यात्रा का हिस्सा बनेंगी।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री के इस यात्रा अभियान का उद्देश्य समाज में समानता और एकता का संदेश देना है।
