रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से 3 बाइक सवारों की मौत
पथरिया ( शिखर दर्शन ) // रायपुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर स्थित बैतलपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बाइक सवारों की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार से रायपुर की ओर जा रही महिंद्रा एक्सयूवी कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने सरगांव अस्पताल में दम तोड़ दिया। यह मामला सरगांव थाना क्षेत्र का है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैतलपुर स्थित अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट के पास हुए इस हादसे में मृतकों की पहचान साध राम रात्रे (62 वर्ष), उनके पुत्र चरन रात्रे (32 वर्ष), दोनों निवासी नारायणपुर, तथा सरस रात्रे (35 वर्ष) निवासी घुरू अमेंरी, बिलासपुर के रूप में हुई है। सरगांव थाना प्रभारी ने तीनों की मौत की पुष्टि की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।
इस दुर्घटना ने क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त कर दिया है।



