कोंटा में पुलिस-नक्सली मुठभेड़: DRG के जवानों ने 10 नक्सलियों को किया ढेर, सीएम ने दी बधाई

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // सुकमा जिले के कोंटा के भेज्जी इलाके में शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ में DRG के जवानों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया। इस बड़ी सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जवानों को बधाई देते हुए नक्सलवाद के प्रति अपनी “जीरो टॉलरेंस” नीति को दोहराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर में शांति, विकास, और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, और यह अभियान इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री साय ने जवानों के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि नक्सलवाद का सफाया छत्तीसगढ़ की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वर्ष 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल-मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, और इसी दिशा में राज्य सरकार सक्रिय और सुनियोजित तरीके से कार्य कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को बड़ी संख्या में नक्सलियों के ओडिशा से छत्तीसगढ़ सीमा में प्रवेश करने की सूचना प्राप्त होने पर DRG की टीम ने नक्सलियों की घेराबंदी के लिए भेज्जी इलाके में अभियान शुरू किया था। शुक्रवार की सुबह इस अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में जवानों ने 10 नक्सलियों को ढेर कर दिया। फिलहाल इलाके में सर्च अभियान जारी है, जिससे और नक्सलियों के पकड़े जाने की संभावना है।

बस्तर में इस तरह की सफलताएं न केवल क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को मजबूत कर रही हैं, बल्कि राज्य में विकास और प्रगति के नए युग का संकेत भी दे रही हैं।
