रायपुर संभाग

CM साय आज दिल्ली रवाना, नवा रायपुर सब स्टेशन में शॉर्ट सर्किट से आग, राजधानी में तापमान गिरा

मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा, छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक दिवस में होंगे शामिल
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 9:15 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे शाम 5:30 से 7:30 बजे तक प्रगति मैदान में भारत अंतरराष्ट्रीय मेले के दौरान आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य सांस्कृतिक दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन 14 से 27 नवंबर तक चलने वाले 43वें भारत अंतरराष्ट्रीय मेले का हिस्सा है, जहां छत्तीसगढ़ राज्य की विभिन्न उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया है। मुख्यमंत्री कल दोपहर 1:45 बजे नियमित विमान से रायपुर लौटेंगे।

नवा रायपुर सब स्टेशन में शॉर्ट सर्किट से आग, 40 लाख का नुकसान
रायपुर: नवा रायपुर स्थित 33/11 केवी सब स्टेशन में बीती रात शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई, जिससे आसपास के क्षेत्रों में तीन से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस आगजनी से पावर कंपनी को लगभग 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना रात 9 बजे के करीब हुई जब एक पैनल में स्पार्किंग से आग लगी और एक के बाद एक चार पैनल जल गए। चार फायर ब्रिगेड गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि सब स्टेशन की मरम्मत में 4-5 दिन का समय लगेगा।

उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ी, रायपुर-दुर्ग में पारा गिरा
रायपुर: छत्तीसगढ़ में तापमान में तेजी से गिरावट जारी है। अम्बिकापुर का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि रायपुर और दुर्ग में भी तापमान में हल्की गिरावट आई है। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

राजधानी में श्रीराम कथा का शुभारंभ
रायपुर: आचार्य पं. युवराज पांडेय की वाणी से श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन आज से डुमरतराई के फुटवेयर-बर्तन मार्केट के सामने किया जा रहा है। कथा का समय दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा, जिसमें श्रद्धालु श्रीराम कथा का श्रवण कर सकेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!