बिलासपुर संभाग

सावन माह में रुद्र शिव अभिषेक : तारबाहर के प्राचीन शिव मंदिर में भक्तों ने किया श्रद्धा से पूजा-अर्चना

तारबाहर // बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सावन के पवित्र महीने में तारबाहर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव की महिमा में भव्य “शिव अभिषेक” का आयोजन किया गया।

इस धार्मिक आयोजन में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और श्रद्धा से पूजन किया।

शिव पार्वती परिवार द्वारा आयोजित इस शिव अभिषेक में मंदिर आए सभी श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना की व्यवस्था की गई थी।

प्रत्येक श्रद्धालु अपने साथ पार्थिव शिव लिंग लेकर आए थे और उन्होंने अपने साथ लाए पूजन सामग्री दूध , दही , घी , शहद , और फलों के रस से बने पंचामृत से शिव लिंग का अभिषेक किया।

सभी ने उपस्थित पुरोहित द्वारा उच्चारित मंत्रों और भगवान शिव के “एक हजार एक सौ आठ” सहस्त्रानाम पर ध्यान केंद्रित कर पूरी एकाग्रता के साथ पूजन किया।

तारबाहर के वरिष्ठ नागरिकों के अनुसार..इस प्राचीन शिव मंदिर की स्थापना का कोई निश्चित वर्ष ज्ञात नहीं है। इसके निर्माण और स्थापना के बारे में कोई ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं है।

हालांकि मोहल्ले के लोगों के बीच इस मंदिर के प्रति गहरी श्रद्धा और आस्था है। मान्यता है कि इस मंदिर में दूर-दूर से भक्त जल अर्पित करने आते हैं और उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

आज के शिव अभिषेक में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित कई और आत्मिक आनंद प्राप्त किया। शिव पार्वती परिवार समिति और सभी सम्मानित सदस्यों ने पूजा अर्चना की प्रक्रिया को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।

सुबह से ही शिव मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी और भक्तों ने “हर हर महादेव”, “हर हर शंभू”, “श्री शिवाय नमस्तुभ्यं”, और “ॐ नमः शिवाय” के जयकारे लगाते हुए मंदिर के वातावरण को भक्तिमय बना दिया ।

इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट किया बल्कि समाजिक जीवन में भी आध्यात्मिक लाभ की पुष्टि की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!