SECL खदान हादसा: तेज बहाव में 4 अधिकारी बह गए, 3 ने तैरकर बचाई जान, 1 की मौत

कोरबा ( शिखर दर्शन ) // शनिवार को कोरबा में हुई लगातार 3 घंटे की बारिश के कारण SECL की कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा हुआ। खदान के गोदावरी ब्लाक में अचानक तेज बहाव आ गया, जिससे 4 अधिकारी बह गए। इनमें से 3 अधिकारियों ने तैरकर अपनी जान बचाई, जबकि एक अधिकारी तेज बहाव में बह गया।

दुर्घटना के तुरंत बाद अधिकारियों की तलाश शुरू की गई, और रविवार सुबह 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एचडीआरएफ की टीम ने बह गए अधिकारी जितेंद्र नागरकर का शव बरामद किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कुसमुंडा थाना पुलिस ने भेज दिया है, और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण खदान में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसे देखने के लिए चार अधिकारी नीचे उतरे थे। अचानक आए तेज बहाव के कारण ये अधिकारी बह गए। शनिवार शाम से शुरू हुई तलाश रविवार सुबह समाप्त हुई, जब शव को पानी से निकाला गया।



