दबंगों ने महिलाओं के साथ की मारपीट , हाइवा से मुरुम डालकर हत्या की कोशिश का आरोप – मामला दर्ज !
रीवा (शिखर दर्शन)//
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में जमीन विवाद को लेकर दंबगों ने महिलाओं पर जानलेवा हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने जेसीबी और हाइवा से महिलाओं पर मुरुम (लाल मिट्टी) डालकर उनकी हत्या करने की कोशिश की। इस घटना में घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
**रीवा: सड़क निर्माण के विवाद में महिलाओं पर हमला, दंबगों ने मुरुम डालने की कोशिश की**
मध्य प्रदेश के रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र के गंगेव पुलिस चौकी अंतर्गत हिनौता गांव में सड़क निर्माण को लेकर महिलाओं के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि डंपर और JCB मालिक राजेश सिंह उर्फ छुटकउ, जो मढ़ी का निवासी है, ने जमीन विवाद के बावजूद जबरन सड़क में मुरुम डालने का काम जारी रखा। महिलाओं के विरोध के बावजूद वह काम रोकने को तैयार नहीं था, जिसके बाद दंबगों ने महिलाओं पर जानलेवा हमला किया।

महिलाएं सड़क निर्माण को रोकने गईं तो गोकर्ण पांडेय, महेंद्र पांडेय, चंद्रभान पांडेय और अन्य एक दर्जन से अधिक लोगों ने डंपर और JCB को उनके ऊपर चढ़ाने और मुरुम डालकर दबाने का प्रयास किया, जिससे महिलाओं की जान को खतरा हो सकता था। हमलावरों की मारपीट से महिलाओं को गंभीर चोटें आईं और इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें महिलाओं के साथ की गई हिंसा को साफ देखा जा सकता है।

इस वीडियो फुटेज को देखकर स्पष्ट होता है कि महिलाओं के साथ अत्यंत गंभीर मारपीट की गई है। इस घटना की लिखित शिकायत गंगेव पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई है। घायलों को उपचार के लिए गंगेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। गंगेव पुलिस चौकी के प्रभारी रामनरेश तिवारी ने मीडिया को बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच चल रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।