एक पेड़ मां के नाम

इंदौर मे 51 लाख पौधरोपण महाअभियान की शुरुआत, मुख्यमंत्री ने कहा- “10 पुत्रों के बराबर एक पेड़ का महत्व”
इंदौर ( शिखर दर्शन ) // शहर में 51 लाख पौधरोपण महाअभियान की शुरुआत मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बिजासन माता मंदिर के पास बीएसएफ कैंपस में पौधे रोपकर की। तकरीबन 60 एकड़ में फैले कैंपस में 80 हजार पौधे आज लगाए गए। आगामी 14 तारीख तक पौधरोपण का कार्यक्रम जारी रहेगा और 14 जुलाई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में रेवती रेंज पर एक दिन में 11 लाख पौधे लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा।
स्वच्छता में नंबर वन के बाद ग्रीन सिटी में नंबर वन बनने की यह दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
एक पेड़ को ‘माँ’ की तरह समझने वाले पौधरोपण के इस महाअभियान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी माँ की फोटो पर पुष्प अर्पित करते हुए अभियान की शुरुआत की। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस महा अभियान के लिए मंत्री विजयवर्गीय और इंदौर की पूरी टीम को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पर्यावरण के साथ जीने की हमारी आदिकाल से परंपरा रही है। शिप्रा की धारा इंदौर से निकलती है जो उज्जैन महाकाल से जुड़ती है। इंदौर स्वच्छता में नंबर वन बन चुका है और अब ग्रीन सिटी में भी नंबर वन बनने की दिशा में हमारी शुभकामनाएं हैं।
पेड़ वास्तव में जीवित साधन हैं जो हमें अनंत उपहार प्रदान करते हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का भी धन्यवाद दिया कि उनके विभाग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम महा अभियान की शुरुआत की है।