CM साय महतारी वंदन योजना की 5वीं किस्त करेंगे जारी, मुख्यमंत्री शिक्षा विभाग की लेंगे बैठक, डिप्टी CM साव कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल…

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जारी करेंगे महतारी वंदन योजना की 5वीं किस्त
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज महतारी वंदन योजना की 5वीं किस्त जारी करेंगे। सीएम साय 653 करोड़ 84 लाख रुपये की राशि लाभार्थी महिलाओं के खातों में स्थानांतरित करेंगे। इस योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में 1000 रुपये की धनराशि जमा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मार्च को महतारी वंदन की पहली किस्त जारी की थी।
सीएम साय करेंगे शिक्षा विभाग की बैठक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक मुख्यमंत्री निवास में दोपहर 12 बजे से आरंभ होगी। बैठक से पहले सीएम साय नवीन कानून के संबंध में एक कंपेडियम का विमोचन भी करेंगे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सीएम साय ने शिक्षा विभाग का कार्यभार संभाला है।
कांग्रेस फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का दौरा आज अंतिम दिन पर
कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का छत्तीसगढ़ दौरा आज अपने अंतिम दिन पर है। पार्टी की हार की समीक्षा बैठक का यह चौथा और अंतिम दिन है, जिसमें दुर्ग और राजनांदगांव लोकसभा सीटों की समीक्षा की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता वीरप्पा मोइली करेंगे। प्रदेश में कांग्रेस की हार के कारणों की विस्तृत समीक्षा हो रही है और रायपुर, बिलासपुर, बस्तर और कांकेर में भी समीक्षा बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों के बाद आगामी चुनावों के लिए चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है, जिसकी रिपोर्ट AICC को सौंपी जाएगी।
डिप्टी सीएम अरुण साव के आज के दौरे का कार्यक्रम
डिप्टी सीएम अरुण साव आज मुंगेली जिले का दौरा करेंगे। उनके कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 8:00 बजे रायपुर से मुंगेली के लिए प्रस्थान करेंगे। जिले में वे नवीन आपराधिक कानूनों के संबंध में एक जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेंगे और सुबह 11:00 बजे लोरमी के गोड़खम्ही में शाला प्रवेशोत्सव में शामिल होंगे। इसके बाद वे 12:00 बजे एक विस कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और लोगों से मुलाकात करेंगे। डिप्टी सीएम अरुण साव दोपहर 3:00 बजे एक रक्तदान शिविर में भी शामिल होंगे।
नगर निगम रायपुर एमआईसी की बैठक आज
नगर पालिक निगम रायपुर की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक आज दोपहर 12 बजे होगी। यह बैठक महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता महापौर ऐजाज ढेबर करेंगे। बैठक में शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी, जिसमें तात्यापारा से शारदा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के मुद्दे पर भी विचार किया जाएगा।
